कुशीनगर (नेहा): पूर्णिमा के दिन बुधवार को नारायणी में डुबकी लगाने के बाद मां मदनपुरी देवी का दर्शन कर अगले दिन गुरुवार को घर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी टेंपो की सुबह साढ़े पांच बजे अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। उसके परखच्चे उड़ गए। आटो चालक समेत चार की मृत्यु हो गई, पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। कप्तानगंज थाना के मथौली किसान इंटर कालेज के खेल मैदान के समीप हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर हुई इस भीषण दुर्घटना के बाद चीख पुकार मच गई।
अज्ञात वाहन को चालक लेकर फरार हो गया। आसपास के लोग दौड़ पड़े तो पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। कप्तानगंज थाने के सेमरा का रहने वाला 30 वर्षीय टेंपो चालक गगन कुशवाहा मदनपुर देवी स्थान से आए श्रद्धालुओं को कप्तानगंज रेलवे स्टेशन से लेकर हाटा की तरफ जा रहा था। इसी बीच मथौली कस्बा के किसान इंटर कालेज के समीप अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई, सवार सभी नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।