न्यूयॉर्क (नेहा): दुनिया की सबसे ताकतवर सेनाओं की लिस्ट जारी हो गई है। ग्लोबल फायर पावर इंडेक्स 2025 में भारत ने चौथा स्थान हासिल किया है। यह रैंकिंग भारत की थलसेना, नौसेना और वायुसेना की बढ़ती रक्षा क्षमताओं को दिखाती है. वहीं, पाकिस्तान 2024 में टॉप 10 से बाहर निकल गया। पाकिस्तान पहले 9वें स्थान पर था जो अब फिसलकर 12वें पर आ गया।
ग्लोबल फायर पावर इंडेक्स 60 से ज्यादा मापदंडों पर आधारित है, जिसमें रक्षा टेक्नोलॉजी, वित्तीय संसाधन, लॉजिस्टिक्स, भूगोल और रणनीतिक स्थिति शामिल हैं। इसमें सबसे ऊपर संयुक्त राज्य अमेरिका है। यूएस के बाद रूस की सेना दूसरे नंबर पर और चीन की सेना तीसरे नंबर पर है। भारत छठी बार अपनी चौथी रैंकिंग को बरकरार रखे हुए है। भारत ने पिछले कुछ समय से रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भर होने पर जोर दिया है, जो उसकी ताकत को और भी बढ़ाता है। इंडेक्स में भारत की बढ़त का श्रेय सैन्य शाखाओं में आधुनिकीकरण को दिया जा सकता है. टॉप 10 ताकतवर देशों में फ्रांस है, जो नया शामिल हुआ है। पिछले साल की रैंकिग में यह 11वें नंबर पर था। इस बार फ्रांस 7वें नंबर पर आ गया है। पिछले साल सातवीं रैंक पर जापान था जो इस बार आठवें पर पहुंच गया।
टॉप 10 में कौन हैं शामिल?
1. अमेरिका
2. रूस
3. चीन
4. भारत
5. दक्षिण कोरिया
6. यूके
7. फ्रांस
8. जापान
9. तुर्किए
10. इटली