वेलिंगटन (नेहा): भूकंप के तेज झटकों से न्यूजीलैंड हिल उठा। अधिकारियों के मुताबिक न्यूजीलैंड के दक्षिणी द्वीप पर लोगों ने तेज झटकों को महसूस किया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.7 मापी गई। अब न्यूजीलैंड की आपदा एजेंसी ने यह आकलन लगाने में जुटी है कि क्या सुनामी का कोई खतरा है या नहीं। उल्लेखनीय है कि न्यूजीलैंड भूकंपीय रूप से सक्रिय ‘रिंग ऑफ फायर’ पर बसा है। रिंग ऑफ फायर लगभग 40000 किलोमीटर का एक घेरा है। यह प्रशांत महासागर के अधिकांश भाग को घेरने वाले ज्वालामुखियों और समुद्री खाइयों से भरा है। नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी ने साउथलैंड और फियोर्डलैंड क्षेत्रों के लोगों को समुद्र तटों और समुद्री क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
एजेंसी का कहना है कि समुद्र की असामान्य धाराएं खतरा बन सकती हैं। न्यूजीलैंड की सरकारी भूकंप निगरानीकर्ता जियोनेट ने कहा कि 4700 से अधिक लोगों ने भूकंप महसूस किया। सूत्रों के मुताबिक सामान गिरने और इमारतों के हिलने की जानकारी साझा की। न्यूजीलैंड हेराल्ड अखबार के मुताबिक एक व्यक्ति ने फेसबुक पर पोस्ट कि हमारी अलमारी से सामान गिरने लगा। लकड़ी की मेज घूमने लगी। जियोनेट के मुताबिक भूकंप न्यूजीलैंड के स्नेरेस द्वीप समूह से लगभग 160 किमी उत्तर-पश्चिम में 33 किमी की गहराई पर आया है। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे ने बताया कि भूकंप लगभग 10 किमी की गहराई पर आया।