पटना (नेहा): बिहार में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के पूर्व कांग्रेस ने आक्रामक मुद्रा में फ्रंट में आकर खेलना शुरू कर दिया है। खेल की कप्तानी खुद राहुल गांधी कर रहे हैं। इसी क्रम में वह इस साल अब तक तीसरी बार यानी आज सोमवार 7 अप्रैल को बिहार के बेगूसराय आ गए हैं। इसके पूर्व वे जनवरी और फरवरी महीने में भी बिहार आ चुके हैं। बता दें कि राहुल गांधी सोमवार को बेगूसराय में आयोजित पलायन रोक पदयात्रा में शामिल हुए हैं।
यात्रा में पैदल चलते हुए उन्होंने हाथ उठाकर अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं का अभिवादन भी किया। इससे पहले सुबह लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली से बिहार के लिए रवाना हुए थे। वे बेगूसराय में एनएसयूआई (NSUI) के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको; नौकरी दो’ यात्रा में शामिल होने और बाद में पटना में जनसभा को संबोधित करने के लिए यहां आए हैं। बता दें कि राहुल गांधी ने अपनी कप्तानी में कोई कोर-कसर न रहे इसके लिए अपने आजमाए हुए खिलाड़ियों के साथ फील्ड सजा दी है। कारण कि पार्टी ने पहले बिहार के प्रभारी को बदला। इसके बाद अध्यक्ष बदले गए। इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए कांग्रेस के सभी संगठनात्मक जिलों में 40 अध्यक्ष भी घोषित किए। टीम का मनोबल ऊंचा रखने के लिए राहुल अपनी नई टीम के साथ खुद मैदान (यात्रा में आगमन) में उतर रहे हैं।