गुरदासपुर (नेहा): बीसीए की छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोपित पास्टर जश्न गिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार शिकंजा कसती जा रही है। सोमवार को पुलिस ने आरोपित के भाई प्रेम मसीह को जम्मू से गिरफ्तार किया था। वहीं, मंगलवार को आरोपित की बहन मार्था को भी पास्टर को शरण देने के आरोप में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है, जबकि प्रेम मसीह को सोमवार देर शाम अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया गया था।
अब दोनों को बुधवार को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा। बरियार चौकी के इंचार्ज एएसआई जसविंदर सिंह ने मार्था को अदालत में पेश किया। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पास्टर का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस के कसते शिकंजे से पास्टर की जल्द ही गिरफ्तारी होने की संभावना है।