पटना (नेहा): प्रदेश का मौसम पछुआ के कारण शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री वृद्धि का पूर्वानुमान है। उत्तर पूर्वी भागों को छोड़ पटना समेत शेष जिलों में सतही हवा की गति 30 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।
पछुआ के कारण मौसम शुष्क बने होने के साथ प्रदेश का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। गुरुवार को 41.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि पटना का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश का तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है।