शिमला (नेहा): हिमाचल प्रदेश में शनिवार को निचले स्थानों पर धूप निकली, वहीं ऊंचाई वाले स्थानों पर दोपहर बाद बादल छाए। मौसम विभाग ने रविवार को कुछ स्थानों पर वर्षा व हिमपात की संभावना जताई है, जबकि अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं, प्रदेश में अब गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। शनिवार को गर्मी महसूस की गई। शिमला में तापमान बीते वर्ष 26 अप्रैल के बराबर 26.6 डिग्री पर पहुंच गया। ऐसे में महिलाओं को धूप से बचने के लिए छाते व दुपट्टे का सहारा लेना पड़ा।
ऊना में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री बीते वर्ष के बराबर दर्ज किया गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि कुल्लू के सेऊबाग में सात, नारकंडा में 6.2, जबकि अन्य स्थानों पर दो-दो डिग्री की दर्ज की गई है। ऊना, सोलन, कांगडा, मंडी और बिलासपुर से ज्यादा गर्म रातें शिमला की हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 16.8, जबकि ऊना में 14.2, सोलन में 12.8, कांगडा में 15.2 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान ऊना में 40 डिग्री दर्ज किया गया।