वाशिंगटन (राघव): भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर की अंतरिक्ष से वापसी को लेकर अमेरिकी राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला व स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क ने दावा किया है कि जो बाइडेन प्रशासन उन्हें जानबूझकर अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर छोड़ना चाहता था। इस बयान के बाद अमेरिका में राजनीतिक विवाद और गहरा गया है। सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने 5 जून 2024 को बोइंग स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट से नासा मिशन के तहत अंतरिक्ष की यात्रा की थी। लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उनके लौटने का मिशन कई बार टल चुका है। अब वे मार्च 2025 में स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से वापस लौटने वाले हैं।
ट्रंप और मस्क ने दावा किया है कि बाइडेन प्रशासन की नीतियों की वजह से ही दोनों अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी में देरी हो रही है। ट्रंप का आरोप: ‘बाइडन प्रशासन ने उन्हें स्पेस में फंसने दिया’ डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “बाइडेन प्रशासन राजनीतिक कारणों से नासा के इन दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में ही छोड़ने वाला था। उन्हें जानबूझकर अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर रखा गया था। अगर मैं राष्ट्रपति होता, तो यह कभी नहीं होता।” उन्होंने कहा कि स्पेसएक्स * को इस मिशन की जिम्मेदारी देने के बाद अब स्थिति सुधरी है और जल्द ही दोनों अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित धरती पर लौट आएंगे। एलन मस्क ने भी ट्रंप के बयान का समर्थन करते हुए कहा, “हां, यह पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित था। उन्हें अंतरिक्ष में फंसा हुआ छोड़ दिया गया, जो बहुत गलत है। ट्रंप प्रशासन के अनुरोध पर हम इस मिशन को प्राथमिकता देकर जल्द पूरा कर रहे हैं।”
मस्क ने यह भी कहा कि स्पेसएक्स पहले भी कई बार सफल मिशन कर चुका है और इस बार भी वे पूरी सुरक्षा के साथ अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी सुनिश्चित करेंगे। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उन्होंने स्पेसएक्स को सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की वापसी की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने मस्क से अनुरोध किया है कि मार्च 2025 के अंत तक मिशन पूरा किया जाए। इस पूरे विवाद पर बाइडन प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, नासा ने पहले ही स्पष्ट किया था कि बोइंग स्टारलाइनर में आई तकनीकी समस्याओं के कारण मिशन में देरी हो रही है, लेकिन अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। अब देखना होगा कि मार्च 2025 में स्पेसएक्स सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को सुरक्षित वापस ला पाता है या नहीं।