वाशिंगटन (नेहा): टैरिफ वाले ट्रेड वॉर के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब एक और तैयारी में जुट गए हैं। उनके प्रशासन ने 41 देशों पर ट्रैवल बैन लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें पाकिस्तान, अफगानिस्तान, ईरान समेत सीरिया और अन्य देश शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने कुल 41 देशों की कुल 3 लिस्ट बनाई है। पहली लिस्ट में 10 देशों को शामिल किया गया है, जिसमें अफगानिस्तान, सीरिया, ईरान, क्यूबा और नॉर्थ कोरिया जैसे देश शामिल हैं। इन देशों के नागरिकों को अमेरिका की यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी।
इस सभी पर पूरी तरह से बैन रहेगा। दूसरे ग्रुप में पूर्वी अफ्रीकी देश इरिट्रिया, हैती, लाओस, म्यांमार और दक्षिणी सुडान का नाम शामिल हैं। इन देश के लोगों पर आंशिक निलंबन लागू रहेगा। जिसका असर टूरिस्ट और स्टूडेंट वीजा के साथ-साथ कुछ अपवादों के साथ अन्य इमीग्रेंट वीजा पर भी पड़ेगा। तीसरे ग्रुप में अमेरिका ने 26 देशों को शामिल किया है। हालांकि लिस्ट के सभी नामों का खुलासा नहीं हो पाया, लेकिन इसमें पाकिस्तान, भूटान और म्यांमार जैसे देश शामिल हैं। इनके लिए अमेरिकी वीजा जारी करने पर आंशिक रूप से रोक लगाने पर विचार किया जाएगा, यदि वहां की सरकारें 60 दिनों के भीतर कमियों को दूर करने के लिए प्रयास नहीं करती हैं।