नूंह (नेहा): हरियाणा के नूंह में बिछौर थाने के गांव तिरवाड़ा में ईद की नमाज के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। झगड़े के बाद दोनों पक्षों के 12 से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए पुन्हाना के सरकारी अस्पताल में लाया गया। वहीं, कुछ की गंभीर हालत को देखते हुए नल्हड़ रेफर कर दिया गया। उधर, झगड़े की सूचना पाकर पुन्हाना शहर थाना, सदर थाना सहित बिछौर थाना पुलिस गांव में मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब नौ बजे एक पक्ष के लोग ईदगाह में नमाज पढ़ कर घर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में दूसरे पक्ष के कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई।
जिसमें दोनों तरफ से लाठी-डंडे निकल गए और दोनों और से जमकर लाठी डंडे चले। झगड़ा एक गेहूं के खेत में हुआ। झगड़े में दोनों पक्षों ने खुलकर एक दूसरे पर लाठियां बरसाई। ग्रामीणों के अनुसार, झगड़ा करने वालों में एक गुट साजिद है, तो वहीं दूसरा गुट राशिद है। साजिद गुट के करीब छह तो राशिद गुट के भी सात लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, झगड़े की सूचना जैसे ही पुलिस को लगी तो गांव में पुन्हाना सदर थाना, शहर थाना और बिछौर थाना की पुलिस पहुंच गई और पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला। कुछ देर बाद पुलिस ने झगड़े को शांत करा दिया।