पटना (नेहा): देशभर में इन दिनों दो तरह का मौसम देखने को मिल रहा है। दिन में गर्मी का एहसास बढ़ रहा है, जबकि रात में हल्की ठंडक महसूस हो रही है। हालांकि, बिहार में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटों में राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज बिहार के मधेपुरा, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका और जमुई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
हालांकि, ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 28 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 9 मार्च से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर बिहार पर भी देखने को मिल सकता है। अगले 72 घंटों में राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। यह बदलाव खासकर उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में अधिक प्रभावी रहेगा।