रांची (नेहा): राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में इन दिनों तेज धूप से आमजन का हाल बेहाल है। सुबह होते ही तेज धूप का असर दिखने लगता है। गुरुवार को डाल्टेनगंज में सर्वाधिक 43 डिग्री सेल्सियस जबकि गुमला में सबसे कम 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। राजधानी रांची में भी तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। पूरे राज्य का तापमान लगातार बढ़ रहा है हालांकि बुधवार के मुकाबले इन जिलों में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। इससे पूर्व 25 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के अलावे उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 26 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी, उत्तर पूर्वी हिस्सों में हीटवेव से थोड़ी राहत मिलेगी और दोपहर के बाद इन क्षेत्रों में कहीं कहीं मेघगर्जन और 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने की संभावना है और बिजली गिरने को ले यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं, 27 अप्रैल को उत्तर पूर्वी, दक्षिणी हिस्सों के अलावे निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहने के साथ साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने की संभावना है, इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में यह स्थिति 28 अप्रैल को भी बनी रहेगी और आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले तीन दिनों तक यानी 25, 26 और 27 अप्रैल के दौरान अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले चार दिनों तक यानी 28, 29, 30 अप्रैल और 1 मई को तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी दिनों तापमान गिरने से गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी। झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।