सिमडेगा (नेहा): आक्रामक जंगली हाथियों ने बानो में अलग-अलग क्षेत्र में दो लोगों की जान ले ली। पहली घटना महाबुआंग थाना क्षेत्र के बुरुइरगी डेबोटोली की की है। वहीं, दूसरी घटना बानो थाना क्षेत्र के पबुड़ा पंचायत के जमांग गांव की है। वहीं, गुमला में भी हाथी ने एक व्यक्ति की जान ले ली। तीन लोग हाथी के हमले में घायल हो गए। महाबुआंग थाना क्षेत्र के बुरुइरगी डेबोटोली में घर के बाहर सोए विकास ओहदार को जंगली हाथी ने कुचलकर जान ले ली। घटना गुरुवार रात करीब 12:30 बजे की है। घटना की जानकारी सुबह परिजनों और ग्रामीणों को हुई। घटना की जानकारी वार्ड सदस्य संदीप समद एवं बेड़ाइरगी पंचायत की मुखिया हेलेना कंडुलना को दी गई। इसके बाद थाना और वन विभाग को भी इस घटना की सूचना दी गई। वन विभाग के कर्मी मनीष और सुरेश टेटे घटनास्थल पहुंचे और मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि के रूप में 10 दस हजार रुपये दिए।
घटना की जानकारी होने पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने मामले की जानकारी ली और वन विभाग को मृतक के आश्रितों को जल्द सहायता करने का निर्देश दिया। बानो थाना क्षेत्र के पबुड़ा पंचायत के जमांग गांव में जंगली हाथी ने एक 45 वर्षीय महिला सिबिरया लुगुन को कुचलकर मार डाला। यह घटना शुक्रवार सुबह 6 बजे की है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार महिला सुबह महुआ चुनने गई थी। इसी बीच महिला का हाथी से आमना-सामना हो गया और हाथी ने उसे कुचलकर मार डाला। ग्रामीणों ने बताया कि जंगली हाथी के आने की सूचना मिलने पर ग्रामीण जंगली हाथी को भागने के लिए जंगल में गए थे। इसी बीच महिला के शव को झाड़ी में देखा। इसके बाद वन विभाग की टीम को इस बारे में सूचना दी गई। वन विभाग के कर्मियों ने घटनास्थल पहुंचकर तत्काल सहायता राशि के रूप में 10 हजार रुपये दी। बानो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा भेज दिया है। आपको बता दें कि जंगली हाथियों ने तीन दिन के अंदर तीन लोगों की जान ली है, जिसके बाद से इलाके के लोग दहशत में हैं।